दूधिया नारियल के साथ हरी मिर्च को पीस कर इसमें राई का छोंका लगा कर स्वादिष्ट साऊथ इंडियन चटनी को बहुत आसानी से बनाया गया है।
दक्षिण भारत में हर एक घर में बनाई जाने वाली गोले की चटनी उत्तर भारत में भी बहुत पसंद की जाती है, नारियल के प्राकर्तिक गुणों से भरपूर इस चटनी को इडली, डोसा, अप्पम, उपमा और पोंगल के साथ खाया जाता है। राई और हींग के तड़के से यह पाचक होने के साथ बहुत स्वादिष्ट भी होती है…. गोले की चटनी बनाने की सामग्री:-
- नारियल के टुकड़े – 1 कप
- हरी मिर्च – 4-5
- मूंगफली के दाने – 4 चम्मच
- हरे धनिये की पत्ती – थोड़ी सी
- साबुत लाल मिर्च – 2-3
- करी पत्ता – 8-10
- नमक – स्वादानुसार
- खाद्य तेल – 1 चम्मच
- राई दाना – 1/2 चम्मच
- हींग – चुटकी भर
गोले की चटनी बनाने की विधि:-
नारियल की चटनी ताजे दूधिया नारियल से बनी ही बहुत स्वादिष्ट होती है। ताजा नारियल तोड़ कर उसको छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिये।इन्हीं सामग्री के साथ सूखे नारियल (गोले) से भी नारियल की चटनी बनाई जा सकती है।
नारियल के टुकड़े और मूंगफली के दानों को मिक्सर में दरदरा पीस लीजिये।
नारियल के पिसे हुए दरदरे मिश्रण में हरी मिर्च, धनिये की पत्ती, स्वादानुसार नमक मिला कर थोड़े पानी के साथ मिक्सी में बारीक पीस लीजिये।पीसने के बाद गोले की चटनी तैयार है।
अब चटनी में तड़का लगाएंगे, इसके लिए मध्यम आंच पर एक पैन में तेल गर्म कीजिये, इसमें राई के दाने , हींग और करी पत्ते को तड़का लीजिये।
तैयार तड़के को पिसी हुई चटनी में मिला दीजिये। आपकी स्वादिष्ट नारियल की चटनी डोसे, इडली या सांभर बड़े के साथ सर्व होने के लिए तैयार है।तीखे स्वाद के लिए आप इसमें लाल मिर्च पाउडर स्वादनुसार मिला सकते हैं। अगर चटनी ज्यादा तीखी बन गई है तब आप इसमें थोड़ा दही मिला कर इसके तीखेपन को कम कर सकती हैं।
उपयोगी सुझाब:
लाल मिर्च, अदरक के साथ नारियल और इन्ही सारी सामग्री को पीस कर नारियल की लाल चटनी बनाई जा सकती है।
नारियल के साथ पानी में फूली हुई मूंगफली और चना दाल को भी पीस कर चटनी बनाई जाती है। पीसने के बाद चटनी में राई दाने का तड़का इसी तरह लगा लें, बहुत स्वादिष्ट चटनी बनेगी।
अगर ताजा गोला नहीं मिले तब सूखे नारियल के टुकड़े, मिर्ची, भुनी चने की दाल आदि को पीसने से पहले अगर थोड़े तेल में भून कर पीसें तो चटनी का स्वाद और भी बढ़ जाता है।
स्वादानुसार चटनी में लस्सन को भून कर नारियल के साथ पीसा जा सकता है।
कुछ जगह पर स्वादानुसार नारियल की चटनी में भुने हुए चने को छिलका हटा कर पीसा जाता है यह भी बहुत स्वादिष्ट होती है।
अगर चटनी ज्यादा गाढ़ी बन गई है तो आप इसमें थोड़ा पानी भी डाल सकते हैं।
Leave a Reply