सेब का जैम, सेब (एप्पल) के स्वाद और गुणों को डिब्बे में पैक करके कहीं भी और कभी भी इसका आनंद लेने के लिये सबसे अच्छा व्यंजन है। ताजा ब्रेड और पेनकेक्स के साथ जैम का स्वाद किसे पसंद नहीं होगा ? इस सचित्र एप्पल जैम रेसिपी के ईजी स्टेप्स को फॉलो करके आसानी से घर पर जैम बनाइये और सभी का मन मोह लीजिये।
वर्ष में एक समय ऐसा आता है जब रस से भरे लाल-लाल ताजा सेव बाजार में बहुतायत में मिलते हैं उस समय इनके दाम भी किफायती होते हैं। यह जैम बनाने का सही समय होता है। घर पर बने एप्पल जैम की शुद्धता तो निसंदेह होती ही है साथ ही साथ आप इसमें दालचीनी, जायफल पाउडर या इलाईची पाउडर मिला कर इसको अपने स्वादानुसार ढाल सकते हैं।
बच्चों की पसंद सेव के जैम को बड़े भी ब्रेड के साथ इंसटेंट मील की तरह हमेशा खाने के लिये उत्साहित रहते हैं। इस रेसिपी में हमने अनेक चित्रों के साथ अनेक स्वादों में सेब का जैम बनाने का तरीका सुझावों सहित शेयर किया है।
आइये जानते हैं सेब का जैम बनाने की विधि और इसकी आवश्यक सामग्री को….
सेब का जैम बनाने की सामग्री:-
- ताज़ा कश्मीरी सेब (Apple) – 1 किलोग्राम
- पानी (Water) – 1/2 कप
- चीनी (Sugar) – 4 कप
- इलायची पाउडर (Cardamom) – 1 चम्मच
- खाने योग्य लाल रंग या सुनहरा रंग (Edible Golden or Red color) – 4 बूंद
- नींबू का रस (Lemon Juice) – 4 चम्मच
सेब का जैम बनाने की विधि:-
सेब का जैम बनाने के लिये सबसे पहले सेबों को धो कर कपड़े से पोंछ लीजिये।
अब सेब के बीज निकाल कर उनको चित्रानुसार छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिये।
जैम बनाने के लिये किसी मोटे तले के बर्तन में सेब के टुकड़े और पानी डालिये और ढक कर हल्की आँच पर टुकड़ों के नरम होने तक उबालिये।
सेब के नरम टुकड़ों को मिक्सर की सहायता से पीस कर उनका पल्प बना लीजिये ऐसा करने से सेब का छिलका भी पिस जायेगा।
अगर आप बिना छिलके का जैम बना रहे हैं तब पीसने की जगह किसी चमचे की सहायता से नरम सेबों को अच्छी तरह मैश कर लीजिये।
सेब के पल्प को एक पेन में पलट कर उसमें चीनी मिक्स कीजिये और सबको चला लीजिये।
गैस ऑन कीजिये और लगातार चलाते हुए हल्की आँच पर जैम को पकाइये।
सेब के पकते हुए जैम में रेड या गोल्डन फूड कलर और इलाईची पाउडर मिला कर चला दीजिये।
जैम ठीक तरह से पक गया है यह चेक करने के लिये एक चम्मच से थोड़ा जैम ले कर ट्रे पर चित्रानुसार डालिये, ट्रे को खड़ा कीजिये अगर चित्रानुसार जैम से पानी अलग नहीं हो रहा है तब जैम तैयार है।
अगर ढीला है तब थोड़ी देर और चलाते हुए पका कर गैस बंद कर दीजिये।
ठंडा होने के बाद एप्पल जैम में नीबू का रस मिलाइये।
स्वादिष्ट सेब का जैम तैयार है सबको खिलाइये और खाइये।
अच्छे से ठंडा होने के बाद सेब के जैम को कांच के जार में स्टोर करके रख लीजिये।
उपयोगी सुझाब:
आइये जानते हैं कुछ ऐसे उपयोगी सुझाव जो की टेस्टी एप्पल जैम को बनाने और स्टोर करने में निश्चित ही आपको उपयोगी लगेंगे….
सेब का जैम बनाने के लिये किस क्वालिटी के सेब लेने चाहिये?
आज कल तो पूरे साल बाजार में सेब उपलब्ध रहते हैं पर अगस्त के अंत से अक्टूबर के अंत तक का समय ऐप्पल सीज़न माना जाता है इस समय अच्छी किस्म के सेब मार्केट में उचित कीमत पर आसानी से मिल जाते हैं।
सेब (ऐप्पल) का जैम बनाने के लिये एम्पायर सेब, लोबो सेव या मैकिन्टोश क्वालिटी के सेब सबसे अच्छे होते हैं।
लो शुगर एप्पल जैम बनाने की विधि:-
अगर आप हेल्थ कॉनसीयस हैं और चीनी को कम पसंद करते हैं तब चीनी की जगह मेपल सिरप या खजूर के पेस्ट को मिक्स करके इसी विधि से सेब का जैम बना लीजिये। आप अपने स्वादानुसार मेपल सिरप अथवा खजूर के पेस्ट की मात्रा को कम-ज्यादा कर सकते हैं। मेपल सिरप आपको सुपर मार्केट में आसानी से मिल जायेगा।
अनेक स्वादों में सेब का जैम बनाने सम्बन्धी सुझाव:-
सेब को मिक्सी में पीसने के बजाय कद्दूकस से कस करके जैम बनाइये, इस एप्पल जैम में सेब के रेसे क्लासिक स्वाद देते हैं।
एक अलग टेस्ट के लिये कभी-कभी सेब के जैम में इलाईची पाउडर की जगह दालचीनी को पाउडर मिक्स कीजिये, इस स्वाद को सभी बहुत पसंद करेंगे।
आप एप्पल जैम के स्वाद में बदलाव के लिये सीमित मात्रा में जायफल, ऑलस्पाइस और लौंग जैसे मसालों से मिश्रित पाउडर का उपयोग करना चाहते हैं, तो यह भी अच्छा होगा, बस इसे ज़्यादा मत मिलाइये।
नींबू का रस जैम का स्वाद तो बढ़ाता ही है साथ ही साथ सेब को भूरा होने से रोकने में भी मदद करता है।
सेब के जैम को स्टोर करने और सर्व करने के सुझाव:-
सेब का जैम आप एक साफ और सूखे काँच के कंटेनर में स्टोर कीजिये इसको आप छः माह तक रख कर खा सकते हैं।
अच्छे परिणाम के लिये प्रत्येक 15 दिनों के अंतराल में एप्पल जैम को ऊपर-नीचे चलाते रहिये।
सुबह को ब्रेकफास्ट में या दिन में किसी भी समय जब भी बच्चों को भूख लगे आप बन या ब्रेड में सेब का जैम लगा कर दीजिये इसको देखते ही उनका चहरा कील जायेगा।
सेब का जैम खाने के फायदे :-
सेब के जैम में भी ताजे सेब के बहुत सारे प्रकार्तिक औषधीय गुण मौजूद रहते हैं। अनेक विटामिंस और खनिज लवण से भरपूर सेब का जैम सुबह को खाइये इससे शरीर की शिथिलता और मानसिक तनाव को नियंत्रित रहेगी। सिरदर्द, चिड़चिड़ापन, अनिद्रा, भूलने की समस्या से बाहर लाने में एप्पल जैम का सेवन उपयोगी होता है।
सेब का जैम खाने से बढ़ती उम्र के साथ शरीर पर पड़ने वाले प्रभाव जैसे चेहरे पर झुर्रियां, कमजोरी महसूस होना, बाल झड़ने और उनके असमय सफेद होने जैसी परेशनी महसूस नहीं होती हैं।
अन्य मुरब्बे और जैम की रेसिपी :-
- आंवले का मुरब्बा घर पर बनाने का तरीका
- आम का मुरब्बा बनाने का बहुत आसान तरीका
- स्वादिष्ट अन्नानास का जैम बनाने का तरीका
- घर पर स्ट्राबेरी का जैम बनाने का तरीका
- सेब का मुरब्बा बनाने का बहुत आसान तरीका जानिये
आप सरल भाषा में समझाती हैं जिससे बनाना बहुत आसान हो जाता है.. थैंक्स