Table of Contents
क्विनोआ डोसा की रेसिपी स्टेप बाई स्टेप चित्रों के साथ साझा कर रहे हैं। क्विनोआ या किनोआ (कीनुआ) एक ग्लूटन फ्री शाकाहारी सुपरफूड है जिससे अनेक स्वादिष्ट व्यंजन बनाये जाते हैं।
क्विनोआ का डोसा बनाने की मुख्य सामग्री क्विनोआ के दाने, और चने उड़द की दाल है, आप अपने स्वादानुसार इसमें पोहा या गेहूं का आटा मिला कर बेटर बना सकते हैं।
क्विनोआ एक उच्च पौष्टिक आहार है जिसमें सभी नौ आवश्यक अमीनो एसिड, लाइसिन और सुपर प्रोटीन होते हैं। आज कल अनेक टेस्टी नाश्ते क्विनोआ से बनाए जाते हैं। इस Quinoa Recipe के यूजफुल टिप्स में हमने क्विनोआ का चीला, क्विनोआ का फुल्का और पराठा बनाने का आइडिया भी सामग्री के साथ शेयर किया है। uses of quinoa in cooking
डोसा बनाने के लिये पहले क्विनोआ के साथ उड़द और चने की दाल को पानी में फूलोया जाता है फिर मिक्सर में पीस कर डोसे का बेटर बनाया जाता है, तैयार बेटर (घोल) से बहुत आसानी से स्वादिष्ट डोसे सेक कर सांभर और चटनी के साथ सर्व किये जाते हैं।
आइये जानते हैं Quinoa Dosa Recipe की आवश्यक सामग्री और उपयोगी टिप्स को…..
क्विनोआ डोसा (Quinoa Dosa) बनाने की सामग्री
- क्विनोआ / किनोआ / कीनुआ (Quinoa ) – 1/2 कप
- उरद की धुली दाल (Split & Skinned Black Gram) – 1/4 कप
- चने की दाल (split chickpea lentils) – 1/4 कप
- नमक (Salt) – स्वादानुसार
- खाद्य तेल या शुद्ध घी (Edible oil or pure ghee) – डोसे सेकने के लिये
क्विनोआ डोसा (Quinoa Dosa) बनाने की विधि
क्विनोआ का डोसा बनाने के लिये सबसे पहले क्विनोआ को साफ करके पानी में अच्छे से धो लीजिये।
चने और उड़द की दाल के साथ साफ किये क्विनोआ के दाने चित्रानुसार पानी में दो घंटे के लिये भिगो दीजिये।
तय समय बाद क्विनोआ और दालों में से अतिरिक्त पानी निकाल दीजिये।
मिक्सी में चित्रानुसार फूली हुई दालों और क्विनोआ को पलट कर पीस कर घोल तैयार कर लीजिये।
अगर आवश्यकता समझें तब थोड़ा पानी मिला लें।
पिसे हुए घोल में स्वादानुसार नमक मिलाइये और घोल को लगातार एक तरफ चलाते हुए डोसे के लिये स्मूथ बेटर तैयार कर लीजिये।
बेटर तैयार है अब समय है डोसे सेकने का इसके लिये एक नॉन-स्टिक तवा गर्म कीजिये और उसको थोड़े घी या तेल से चिकना कर लीजिये।
अब तवे पर चित्रानुसार डोसे का बेटर फैलाइए।
डोसे के ऊपर चित्रानुसार थोड़ा घी लगाइए।
धीरे-धीरे नीचे से छुटाते हुए फोल्ड कर दीजिये।
स्वादिष्ट गरमा-गर्म क्विनोआ का डोसा तैयार है, मनपसंद चटनी और सांभर के साथ इस पौष्टिक आहार को सर्व कीजिये।
क्विनोआ रेसिपी के टिप्स
आइये जानते हैं कुछ ऐसे ideas को जो आपकी क्विनोआ का चीला, फुल्का और पराठा बनाने में हेल्पफुल रहेंगे….
क्विनोआ के चीले बनाना
क्विनोआ के चीले बनाने के लिये पहले क्विनोआ के दानों को बिन कर साफ कीजिये फिर पानी से धो कर उनको धूप में सुखा लीजिये। साफ और सूखे हुए क्विनोआ को ग्राइन्डर में पीस कर उसका आटा बना लीजिये।
आधा कप क्विनोआ का आटा और आधा कप बेसन मिक्स कीजिये, इसमें स्वादानुसार नमक और मिर्च मिला कर पानी के साथ घोल बनाइये।
तैयार घोल (बेटर) से स्वादिष्ट, कुरकुरे और सेहत के लिये बहुत लाभदायक क्विनोआ के चीले सेक कर परिवार में सर्व कीजिये, सभी बहुत पसंद करेंगे।
क्विनोआ के फुल्के (रोटी) बनाना
सेहत वाली क्विनोआ की चपाती या रोटी बनाने के लिये पहले क्विनोआ के दानों का आटा बनायेंगे, जिसकी विधि आप चीले की रेसिपी में जान ही गए हैं।
चपाती बनाने के लिये एक कप क्विनोआ के आटे में आवश्यकतानुसार गेहूं का आटा मिला कर पानी या दूध के साथ गूँथ लीजिये। आटे को ढक कर 15 मिनट सेट होने रख दीजिये।
तय समय बाद आटे से नर्म मुलायम रोटियाँ सेक कर दाल या सब्जी के साथ गरमा गर्म सर्व कीजिये। क्विनोआ की रोटी बहुत टेस्टी होती है।
अगर आप क्विनोआ के पराठे बनाना चाहते हैं तब रोटी को फुलाने की जगह तवे पर घी के साथ दोनों ओर से करारा होने तक सेक लीजिये।
क्विनोआ का आटा स्टोर करना
एयर-टाइट कंटेनर में क्विनोआ के आटे को भर कर फ्रिज में स्टोर कीजिये, काफी समय तक यह प्रयोग करने लायक ठीक रहता है।
अगर आपके फ्लेट में धूप नहीं आती तब क्विनोआ के दानों को धो कर पहले पंखे की हवा में फैला कर फरेरा कीजिये, फिर एक कढ़ाई गर्म करके गैस बंद कर दीजिये। उस गर्म कढ़ाई में फरेरा क्विनोआ पलट कर लगातार चलाते हुए सुखा कर ठंडा होने के बाद उनका आटा पीस लीजिये।
अन्य सचित्र रेसिपी :-
- सांभर बनाने का तरीका
- नारियल की चटनी रेसिपी
- मूंगफली की चटनी रेसिपी
- पौष्टिक मशरूम की सब्जी रेसिपी
- सुपर फूड ब्रोकली की सब्जी रेसिपी
Leave a Reply